करसोग। करसोग में बढ़ती आम आदमी पार्टी को लोकप्रियता से आने वाले दिनों में राजनीति के कई नए समीकरण बन सकते हैं। पंजाब में हुए विधानसभा चुनाव में चली आप की आंधी का असर उपमंडल में भी दिखने लगा है। खासकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में चल रही आपसी खींचातान से नाराज पार्टी के कई बड़े नेता आम आदमी पार्टी के संपर्क में है। ऐसे में आने वाले दिनों में जैसे ही विधानसभा चुनाव को लेकर हलचल और तेज होगी कांग्रेस के कई कार्यकर्ता झाड़ू का दामन थाम सकते है। इस तरह सत्ता पर काबिज होने दावा कर रही कांग्रेस पार्टी के लिए बड़ा झटका लग सकता है। ऐसे में अगर पार्टी हाईकमान कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने के लिए समय रहते का कोई उचित कदम नहीं उठाती है तो करसोग में कांग्रेस के जीत की राह काफी मुश्किल हो सकती है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में पहले ही कार्यकारणी के बदलाव को लेकर मांग उठ रही है। इस बारे में हाल ही में ब्लॉक कांग्रेस से कार्यकर्ताओं एक प्रतिनिधिमंडल पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर से मिल चुका है। जिला मंडी एग्जेक्टिव सचिव उत्तम सिंह राठौर की अध्यक्षता में मिले कार्यकर्ताओं ने कमेटी पर सवाल उठाते हुए तुरंत प्रभाव से कार्यकारिणी को बदले जाने की मांग रखी थी। इस बारे में कार्यकर्ताओं ने शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह से भी मुलाकात की थी। हालांकि पार्टी हाईकमान ने इस बारे में कोई निर्णय नहीं लिया है। ऐसे में नाराज चल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं को आम आदमी पार्टी एक अच्छा विकल्प नजर आ रहा है।
आम आदमी पार्टी के राज्य प्रवक्ता गौरव शर्मा का कहना है कि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से कांग्रेस सहित भाजपा में जिन कार्यकर्ताओं को मान सम्मान नहीं मिल रहा है, ऐसे सभी लोग अपने अपने स्तर पर केंद्रीय नेतृत्व सहित प्रदेश प्रभारी के संपर्क में है। इन सभी कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी में शामिल होने वाले कार्यकर्ताओं की क्षमता को नजरंदाज नहीं किया जाएगा।