
लूहरी। लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-I द्वारा विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार एवं निगम मुख्यालय के निर्देशानुसार 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक “स्वच्छता ही सेवा (SHS)-2026” अभियान आयोजित किया गया। अभियान का समापन शुक्रवार को गांधी जयंती एवं स्वच्छ भारत दिवस के अवसर पर किया गया।
अभियान के दौरान जन-जागरूकता, स्वच्छता में जनभागीदारी, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने, अपशिष्ट प्रबंधन तथा पर्यावरण संरक्षण से संबंधित विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
समापन अवसर पर लूहरी जल विद्युत परियोजना चरण-I के परियोजना प्रमुख ई. जसवंत सिंह कपूर ने अभियान में सक्रिय योगदान देने वाले स्वच्छता स्वयंसेवियों को सम्मानित किया। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में स्वच्छता स्वयंसेवियों और परियोजना टीम द्वारा किए गए प्रयासों की सराहना की।
‘वेस्ट टू वेल्थ–कबाड़ से जुगाड़’ प्रतियोगिता आयोजित
अभियान के अंतर्गत परियोजना में कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए “वेस्ट टू वेल्थ–कबाड़ से जुगाड़” प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। इसमें प्रतिभागियों ने घरेलू एवं अनुपयोगी अपशिष्ट सामग्री का रचनात्मक तरीके से उपयोग करते हुए उपयोगी वस्तुओं में रूपांतरित किया और अपनी सृजनात्मकता का प्रदर्शन किया।
परियोजना प्रमुख एवं उपस्थित विभागाध्यक्षों ने प्रतिभागियों के रचनात्मक कार्यों की सराहना की। प्रतियोगिता के विजेताओं के साथ-साथ सभी प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत किया गया।
इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. जसवंत सिंह कपूर ने कहा कि महात्मा गांधी ने राजनीतिक स्वच्छता के साथ-साथ व्यक्तिगत स्वच्छता पर भी विशेष बल दिया और स्वच्छता को स्वस्थ एवं सशक्त समाज की आधारशिला माना। उन्होंने परियोजना की पूरी टीम एवं स्वच्छता स्वयंसेवियों का आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल किसी अभियान या पखवाड़े तक सीमित न रखते हुए इसे अपने स्वभाव, संस्कार और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। दैनिक जीवन में स्वच्छता, कचरे के उचित निस्तारण, प्लास्टिक के कम उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण को अपनाकर स्वच्छता के संकल्प को निरंतर आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम में परियोजना के विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी, कर्मचारी एवं स्वच्छता स्वयंसेवी उपस्थित रहे।
