SHIMLA..हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने बुधवार को शिमला में 108.16 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। मुख्यमंत्री ने ऐतिहासिक रिज मैदान में 66.81 करोड़ रुपये की लागत से किए गए सुधार और स्थिरीकरण कार्यों का लोकार्पण किया। इन कार्यों का उद्देश्य रिज मैदान के धंसने की समस्या का समाधान करने के साथ क्षेत्र को मजबूत करना है। मुख्यमंत्री ने श्री गुरुद्वारा साहिब के समीप पुराने बस अड्डे के पास 6.85 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का भी लोकार्पण किया। इससे स्थानीय लोगों, दुकानदारों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों को सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र में पार्किंग की समस्या कम करने में मदद मिलेगी। इसके अलावा उन्होंने बालूगंज के समीप पशु पड़ाव में शिमला नगर निगम के कर्मचारियों के लिए 34.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले आवासीय परिसर की आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला की विश्व पर्यटन मानचित्र पर विशिष्ट पहचान है। इसकी सुंदरता को बनाए रखते हुए आधारभूत ढांचे को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने पर्याप्त बजट का प्रावधान किए बिना कई परियोजनाओं के केवल शिलान्यास किए, जबकि वर्तमान कांग्रेस सरकार ने इन्हें पूरा करने के लिए आवश्यक बजट का प्रावधान सुनिश्चित किया है।
उन्होंने कहा कि शिमला में यातायात की समस्या के समाधान के लिए सर्कुलर रोड को डबल लेन किया जा रहा है। इससे पर्यटकों और स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 600 करोड़ रुपये की लागत से सब्जी मंडी में आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण कर रही है। वहीं, छोटा शिमला से सीटीओ तक 150 करोड़ रुपये की लागत से भूमिगत यूटिलिटी डक्ट्स बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार शिमला के समग्र और व्यवस्थित विकास के लिए कदम उठा रही है, ताकि शहर की प्राकृतिक सुंदरता को संरक्षित करने के साथ स्थानीय निवासियों और पर्यटकों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा सकें।
