
टोंरु/सिरमौर। वरिष्ठ पत्रकार एवं प्रदेश कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रवक्ता जी.एस. तोमर के बड़े भाई जगदीश्वर सिंह तोमर का 62 वर्ष की आयु में आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर से क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई।
स्वर्गीय जगदीश्वर सिंह तोमर ग्राम पंचायत टोंरु डाडा (आंज) के पूर्व उप-प्रधान रह चुके थे। वे कांग्रेस पार्टी के एक निर्भीक, निष्ठावान एवं कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में जाने जाते थे। साथ ही वे एक समर्पित समाजसेवी भी थे, जिनका समाज और पंचायत के विकास में महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसे क्षेत्रवासी सदैव स्मरण रखेंगे।
सरल स्वभाव, मिलनसार व्यक्तित्व एवं जनसेवा के प्रति समर्पण के कारण वे क्षेत्रवासियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय थे। उनके निधन से सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्र को अपूरणीय क्षति पहुंची है। वे अपने पीछे धर्मपत्नी, तीन पुत्र एवं तीन भाइयों से युक्त संयुक्त परिवार छोड़ गए हैं।
उनके आकस्मिक निधन पर ग्राम टोंरु सहित संपूर्ण आंजभोज क्षेत्र में शोक का माहौल है। क्षेत्रवासियों एवं शुभचिंतकों ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
